20 नवम्बर 2008
वार्ता
नयी दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने अपने स्थापना दिवस पर आज परीक्षा प्रणाली को ज्यादा लचीला और आसान बनाने के लिए त्वरित (वाक- इन) परीक्षा आरंभ की।
इस योजना के तहत परीक्षार्थी 6 माह तक सत्रांत परीक्षा के लिए प्रतीक्षा करने के बजाय, विश्वविद्यालय के किसी चुने गए परीक्षा केन्द्र पर निर्धारित दिनों में जाकर परीक्षा दे सकते हैं। इसका परिणाम मासिक आधार पर तैयार किया जाएगा।
इग्नू द्वारा आज यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस त्वरित परीक्षा से विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा की तारीख निर्धारित करने की स्वंत्रता रहेगी। इससे उन पर परीक्षा का दबाव कम होगा और असफलता का प्रतिशत भी नीचे आएगा। इसके अलावा परीक्षाओं में नकल आदि की संभावना भी कम होगी, क्योंकि हर परीक्षार्थी को अलग प्रश्न- पत्र जाएगा और परीक्षार्थी की गतिविधियों को कैमरे में कैद किया जाएगा।
विद्यार्थियों का पंजीकरण, तारीख का निर्धारण और प्रवेश पत्र देने का काम ऑनलाइन किया जाएगा।
“वाक-इन” परीक्षा विश्वविद्यालय के कुछ चुने गए क्षेत्रीय केन्द्रों द्वारा सप्ताह में एक बार रविवार को आयोजित की जाएगी। इसे बढाया जा सकता है।