‘गंगासागर’ का क्या महत्व है?
यह हिंदुओं का एक पवित्र तीर्थस्थल माना जाता है। बंगाल की खाड़ी में जहां गंगा-यमुना जैसी पवित्र नदियां समुद्र में मिलती हैं उसे ही गंगासागर कहते हैं। यह कलकत्ता के पास है। पुराणों के अनुसार यहीं पर कपिल मुनि का आश्रम हुआ करता था। इन्होंने क्रोध में आकर राजा सगर के हजारों पुत्रों का वध कर दिया था। हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर यहां विशाल मेला लगता है।
कीचक का वध क्यों हुआ था?
यह अपने 105 भाइयों में एक था। यह राजा विराट का साला और सेनापति था। माना जाता है कि अपने अज्ञातवास काल में पाण्डव कुछ समय के लिए राजा विराट के यहां ठहरे थे। उसी दौरान एक दिन कीचक ने द्रोपदी से छेड़-छाड़ की थी। इसी दुष्टता के लिए भीम ने उसका वध कर दिया था।
कावेरी नदी का क्या महत्व है?
कावेरी दक्षिण भारत की एक प्रमुख नदी है। पुराणों के अनुसार इसी नदी के तट पर कुबेर ने 100 वर्षों तक तपस्या की थी। उनकी तपस्या से खुश होकर शिव जी ने उन्हें यक्षों का प्रमुख बना दिया। माना जाता है कि कावेरी-नर्मदा के संगम पर स्नान करने से सभी पापों का नाश हो जाता है।
त्रिवेणी क्या है?
त्रिवेणी तीन नदियों का संगम माना जाता है। यह इलाहाबाद में है। यहां तीन नदियां- गंगा, यमुना और सरस्वती आकर मिलती हैं। पर वर्तमान में सरस्वती नदी लुप्त हो चुकी है। यहां मकरसंक्रांति के अवसर पर विशाल मेला लगता है। इस अवसर पर लाखों लोग आकर नदी में नहाते हैं। माना जाता है कि त्रिवेणी में डुबकी लगाने से लोगों को पुण्य होता है।
जगन्नाथ पुरी की मूर्ति किस देवता की है?
पुरी में स्थापित जगन्नाथ जी की मूर्ति दरअसल भगवान विष्णु की मूर्ति है। इस मूर्ति के साथ ही बलराम और देवी सुभद्रा की मूर्तियां भी हैं। ये मूर्तियां चंदन की लकड़ी से निर्मित हैं। ऐतिहासिक स्रोतों के अनुसार जगन्नाथ जी की मूर्ति सैकड़ों साल पहले एक जंगल में पड़ी मिली थी। इसे राजा ययाति केशरी ने उड़ीसा के पुरी में स्थापित किया था। बाद में राजा अनंगभीमदेव ने 1197 ई. में इसे वर्तमान रूप दिया।
(साभार: हिंदू धर्म तथा मान्यताएं-प्रश्नोत्तरी, डायमंड प्रकाशन, सर्वाधिकार सुरक्षित।)
यह खबर आपको कैसी लगी
10 में से 2 वोट मिले
पाठकों की राय 07 जनवरी 2009