14 मई 2008
बड़ी खबरें:
रफ्तार भरे नजारे
मार्च में शुरू हुआ फॉर्मूला वन का नया सीजन अब अपने पूरे शबाब पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में रविवार 10 मई, 2008 को तुर्की के इस्तांबुल पार्क सर्किट में एफ-1 ग्रां प्री की एक और जबरदस्त रेस हुई। फेरारी के फेलिप मासा ने मौजूदा सीजन में अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला यहां भी जारी रखते हुए खिताबी जीत दर्ज की। (फोटो-एपी)
प्रलय आ रही है ?
इन दिनों हर तरह बस बर्बादी का मंजर है। अमेरिका, चीन, म्यांमार...हर जगह तबाही का आलम है। यह नजारा है ओक्ला का, जिसे 11 मई को भयंकर आंधी और तूफान ने अपनी चपेट में ले लिया। यह तूफान इतना जबरदस्त था कि न केवल लोगों के पूरे घर ढह गए, बल्कि उनकी गाड़ियां भी चकनाचूर हो गई। तूफान में इस कार की भी जो हालत हुई, उसमें किसी का जिंदा बचना नामुमकिन था।(फोटोः एपी)
चीनी भूकंप : तबाही का मंजर
चीन में सोमवार 12 मई को आए भयंकर भूकंप से बेइचुन काउंटी में कई स्कूल ध्वस्त हो गए। दुजियांग्यान शहर में इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं और उनके मलबे में कारें तक दब गईं।
(तस्वीर : ए पी)
‘द ग्रेट खली’ ने धूम मचाई
‘द ग्रेट खली’ उर्फ दलीप सिंह राणा भारत में शायद ही अब किसी परिचय के मोहताज हों। सिर्फ कुछ महीनों या यूं कहें सिर्फ कुछ ही दिनों के भीतर इस शख्स ने हर किसी के दिल में जगह बना ली है। मुम्बई में एक कार्यक्रम के दौरान अपनी पत्नी हरमिन्द्र कौर के साथ पत्रकारों के सवालों से मुकाबला करते खली। (फोटो यूएनआई/रॉयर्ट्स)
तकनीकी दुनिया से!
आसूस और लैम्बोर्गिनी ने हाल ही में अपने ‘जेडएक्स 1पीडीए मोबाइल फोन’ बाजार में उतारे हैं, जो विंडो मोबाइल संचालन प्रणाली पर आधारित है। इस काले रंग वाले मोबाइल के बाह्य आवरण पर मजबूत कार्बन फाइबर लगाए गए है, जिसमें इस्पात जैसी मजबूती होती है। ‘जेडएक्स 1पीडीए ’ मोबाइल में ब्ल्यूटूथ, संवेदनशील स्क्रीन (छूने से संचालित होने वाला), 2. यूएसबी, जीपीएस और 9 तरीके से की-पैड की चालन क्षमता है, जिसे कारोबारी अपने जरुरतों के मुताबिक बदलाव कर सकते हैं। कीमतः 50,000 रुपए। (फोटोः tech2.com)
सांबा सेक्टर में आतंकवादियों से मुठभेड़
जम्मू के सांबा सेक्टर में रविवार को घुसपैठिए आतंकवादियों और सेना की मुठभेड़ में दस लोग मारे गए। इसमें एक पत्रकार और दो जवान भी शहीद हो गए। मुठभेड़ के दौरान अपने एक घायल साथी को सुरक्षित जगह पर ले जाते भारतीय सैनिक। ( तस्वीर : यूएनआई)
क..क..क..कोलकाता के शाहरुख
शनिवार 10 मई, 2008. इन दिनों ‘बॉलीवुड के बादशाह’ शाहरुख खान की मसरूफियत का अंदाजा सभी लगा सकते हैं। रूपहले पर्दे पर करीब हर किरदार में खुद को आजमा चुके शाहरुख इन दिनों एक पक्के व्यावसायी की तरह हर समय मुनाफा कमाने की फिराक में हैं। बहुचर्चित आईपीएल में कोलकाता टीम के मालिक शाहरुख ने कल कोलकाता में ‘रीबॉक नाइट राइडर्स’ के पहले स्टोर का उद्धाटन किया। (फोटो-यूएनआई/रॉयर्ट्स)
रुस ने दिखाई अपनी सैन्य ताकत
09 मई का दिन रुस के इतिहास में एक खास महत्व रखता है, जिसे यह देश ‘विजय दिवस’ के तौर पर मनाता आ रहा है। लेकिन सोवियत संघ के विघटन के बाद पहली बार इस खास दिन के मौके पर रुस ने इतने बड़े पैमाने पर अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया है। देश का मशहूर स्थल रेड स्कावयर इस सैन्य प्रदर्शन का गवाह बना। पहली बार ‘विजय दिवस’ के मौके पर रुस ने शक्तिशाली मिसाइलों और टैंकों की नुमाइश की। (फोटो: एपी)
नए गैजेट : आपको कौन सा चाहिए?
तस्वीरें खींचने के शौकीन लोगों के लिए हाजिर है ओलिम्पस ‘850एसडब्ल्यू’ वाला नया कैमरा, जिसका वजन महज 140 ग्राम है, यानि इसे आप कहीं भी आसानी से ले जा सकते हैं। 8 मेगापिक्लेल वाला ओलिम्पस ‘850एसडब्ल्यू’ में 3Xऑप्टिकल जूम वाला कैमरा है और इसमें 2.5 इंच का एलसीडी हाइपरक्रिस्टल स्क्रीन लगा हुआ है। अगर आप कैमरा चलाने में दक्ष नहीं भी हो, तो इसके क्रिस्टिल चमक वाले आकार पर आपकी उंगुलियां बेहतर तरीके से बैठेंगी, और रात के दृश्य खींचने पर तस्वीरों में ऑटो-एडजस्टिंग की सुविधा भी मौजूद है। इसकी कीमत हैः 16,995 रुपए। (फोटो: tech2.com)
कुबेर के आभूषण
हार और वो भी पांच करोड़ रुपए का। जी हां, संयुक्त अरब अमीरात में 1,888 असली मोतियों से बना एक हार पांच करोड़ रुपए में बिका है। खाड़ी देश अमीरात में कल हुई एक नीलामी के दौरान यह बेशकीमती हार (जिस पर कभी मशहूर संगीत हस्ती अम्म कथूम का मालिकाना हक हुआ करता था) 5 करोड़ रुपए से अधिक में बिका। नीलामी के आयोजनकर्ता क्रिस्टीज के दुबई शाखा के मुताबिक, मध्य-पूर्व के एक अनाम शख्स ने नौ लड़ियों में गूंथी हुई 1,888 मोतियों वाले इस हार को इसकी असली कीमत से दस गुने ज्यादा की कीमत देकर खरीदा है। (फोटोः एपी)
फिर चलेगा सितारों का जादू!
बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे भले ही इन दिनों रुपहले पर्दे पर नहीं दिख रही हो, लेकिन छोटी पर्दे पर अपने विशेष अंदाज को लेकर वह इन दिनों खासी चर्चा में है। दरअसल सोनाली टीवी पर प्रसारित किए जाने वाले शो ‘इंडियन आयडल-4’ की जज बनने की तैयारी में लगी हैं। इस शो के ऑडिशन के दौरान लखनऊ आई सोनाली ने यह भी कह डाला कि आईपीएल की इस धूमधाम में उनकी जरा-भी दिलचस्पी नहीं हैं। (तस्वीर: यूएनआई)
खेतों ने फिर उगला सोना!
एक दौर था, जब कहा जाता था कि भारत की धरती सोना उगलती है। उस दौर में शायद यह सच ही रहा होगा। लेकिन वक्त गुजरने के साथ ही अब यह सोना नहीं, बस थोड़ी धान उपजाती है। इस धान से करोड़ों भारतवासियों का पेट भरता है। और उनका पेट भरने के लिए किसान भी जी-तोड़ मेहनत करते हैं। इलाहाबाद से 80 किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा में बसे मुर्का गांव में यह किसान भी गेहूं की कटाई में जुटा हुआ है, ताकि यह अनाज तुरंत मंडी में जा सके। (फोटोः एपी)
खली ने मचाई खलबली
शुक्रवार 9 मई, 2008। डब्ल्यूडब्ल्यूई रिंग में खलबली मचाने वाले भारत के ‘खली’ उर्फ दलीप सिंह राणा इन दिन भारत में धूम मचा रहे हैं। देश के इकलौते डब्ल्यूडब्ल्यूई चैम्पियन खली चंद दिनों में ही भारत की सबसे लोकप्रिय शख्सियत बन गए हैं। डब्ल्यूडब्ल्यूई में दिलचस्पी रखने वाले बच्चों के पैर खली को सामने देखकर जमीन पर नहीं हैं। खली भी जमकर अपनी लोकप्रियता का लुत्फ उठा रहे हैं। (फोटो-एपी)
बेजुबां मासूमों की दुनिया!
सफेद दूधिया रंग के कंगारु के बच्चे को देखकर आप भी हैरान रह गए होंगे। आइए जाने कि आखिर यह कंगारु का बच्चा किसका है? उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद के चिड़ियाघर में अल्बिनो प्रजाति की ही एक मादा कंगारु ने इस सफेद नन्हें कंगारु को जन्म दिया तो लगभग चार महीने पहले ही दिया था, लेकिन जीव-जंतु विशेषज्ञ इसके स्वास्थ्य और लिंग परीक्षण के लिए हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। उन्हें डर है कि कहीं इस नर्म फरों वाले कंगारु के बच्चे को कोई नुकसान न पहुंचे। (फोटोः एपी)
तकनीकी उत्पादों की बौछार!
विद्युतीय साजो-सामान बनाने वाली अग्रणी कम्पनी लोजिटेक ने वेब कैम की श्रृखंला में एक नया उत्पाद बाजार में उतारा है। स्विट्जरलैंड आधारित इस कम्पनी ने ‘क्वीक कैम कनेक्ट’ नामक वेबकैम को बाजार में उतारा है, जो आकार में बेहद ही आर्कषक है। 45 मिलीमीटर चौड़ी यह वेबकैम पुराने मॉडलों से 33 फीसदी छोटी है और आवाज को बेहतर तरीके से सुनने के लिए इसमें माइक्रोफोन भी लगा हुआ है। इसकी कीमत हैः 1095 रुपए। (फोटोः tech2.com)
© 2007, Web18 Software Services Ltd. All Rights Reserved.